छत पर कपड़े सुखाने पहुंची महिला हाई टेंशन से झुलसी, गंभीर

छत पर कपड़े सुखाने गई महिला अचानक हाई टेंशन लाइन की चपेट में आ गई। उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती किया गया है। परिजन का कहना है कि वह रोजाना कपड़े छट पर सुखाती है, लेकिन मंगलवार को यह हादसा हो गया।



हीरानगर पुलिस के अनुसार घटना मंगलवार सुबह 11.30 बजे सुखलिया मेन रोड पर हुई। यहां रहने वाली 40 वर्षीय सरिता पति राकेश साहू को झुलती हालत में भर्ती करवाया गया है। उसका पति ऑटो चलाता है। महिला को अस्पताल पहुंचाने वाले राजू भदौरिया ने बताया कि वह छत पर कपड़े सुखाने पहुंची थी। कपड़े एक लोहे के पाइप पर टंगे हुए थे। हाईटेशन लाइन छत से दूर है, बावजूद वह चपेट में आ गई। करंट लगते ही महिला गिरी और उसके साथ कपड़े भी जलने लगे।


लोगों ने धुआं उठता देखा तो परिजन को जानकारी दी। महिला जो कपड़े और बिस्तर उठा रही थी वे भी जलने लगे और महिला उसी आग में घिर गई। तमाशबीन घटना का वीडियो भी बनाने लगे, इसी दौरान यहां से गुजरे एक वीडियोग्राफर ने दौड़कर महिला को आग से दूर किया और जलते हुए बिस्तर को नीचे फेंका। युवक के मदद के लिए चिल्लाने के बाद वहां से गुजर रहे राजू भदौरिया और अन्य दौड़े और उन्होंने महिला को अस्पताल पहंचाया।